बालोद

शिक्षक की कमी पर फूटा पालकों का गुस्सा: स्कूल में जड़ा ताला, प्रदर्शन के बाद प्रशासन ने की शिक्षक की व्यवस्था,,,,

बालोद जिले के आदिवासी विकासखंड डौंडी के ग्राम मलकुवर में शिक्षा व्यवस्था को लेकर पालकों का गुस्सा उस समय फूट पड़ा, जब प्राथमिक शाला में लंबे समय से शिक्षक की कमी दूर नहीं की गई। नाराज पालकों ने स्कूल के मुख्य गेट पर ताला जड़ दिया और उसके सामने टेंट लगाकर धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस घटना से शिक्षा विभाग और प्रशासन में हड़कंप मच गया।

स्थिति को संभालने के लिए अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचना पड़ा। काफी समझाइश और एक अतिरिक्त शिक्षक की व्यवस्था किए जाने के बाद ही ग्रामीणों ने अपना आंदोलन समाप्त किया और स्कूल का ताला खोला।

एक शिक्षक के भरोसे चल रहा था पूरा स्कूल

ग्रामीणों के अनुसार मलकुवर प्राथमिक शाला में कुल 32 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं, लेकिन पूरे स्कूल की जिम्मेदारी केवल एक शिक्षक के कंधों पर थी।

स्कूल में एक प्रधान पाठक भी पदस्थ हैं, लेकिन वे पिछले लगभग चार वर्षों से अस्वस्थ होने के कारण नियमित रूप से स्कूल नहीं आ पा रहे हैं। ऐसे में बच्चों की पढ़ाई का पूरा भार एक ही शिक्षक पर आ गया था।

पालकों का कहना था कि अलग-अलग कक्षाओं के बच्चों को एक शिक्षक के भरोसे गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देना संभव नहीं है। कई बार विभागीय अधिकारियों से अतिरिक्त शिक्षक की मांग की गई, लेकिन कोई स्थायी समाधान नहीं निकला। इसी वजह से उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा।

स्कूल के सामने धरने पर बैठे ग्रामीण

शिक्षक की कमी से परेशान ग्रामीण और पालक सुबह से ही स्कूल पहुंच गए। उन्होंने स्कूल के मुख्य द्वार पर ताला लगा दिया और वहीं टेंट लगाकर धरना शुरू कर दिया।

प्रदर्शनकारियों ने कहा कि जब तक स्कूल में पर्याप्त शिक्षकों की व्यवस्था नहीं होगी, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। उनका आरोप था कि शिक्षा विभाग ग्रामीण क्षेत्रों के स्कूलों की समस्याओं को गंभीरता से नहीं ले रहा है।

अधिकारियों के पहुंचते ही शुरू हुई बातचीत

प्रदर्शन की सूचना मिलते ही विकासखंड शिक्षा अधिकारी (BEO) प्रवीण चतुर्वेदी और तहसीलदार देवेंद्र नेताम तत्काल मौके पर पहुंचे।

अधिकारियों ने ग्रामीणों और पालकों से चर्चा की तथा उनकी समस्याएं सुनीं। स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने तत्काल राहत के तौर पर पास के नर्राटोला हाई स्कूल से एक शिक्षक को मलकुवर प्राथमिक शाला में पढ़ाने के लिए भेजने का निर्णय लिया।

अतिरिक्त शिक्षक की व्यवस्था का आश्वासन मिलने के बाद ग्रामीणों का आक्रोश शांत हुआ और उन्होंने स्कूल का ताला खोल दिया।

एक सप्ताह में दूसरी बार स्कूल में तालाबंदी

डौंडी विकासखंड में यह कोई पहला मामला नहीं है। इससे पहले प्राथमिक शाला कांडे में भी पालकों ने शिक्षकों की कमी को लेकर स्कूल में तालाबंदी कर दी थी।

ग्रामीणों का आरोप था कि 93 विद्यार्थियों वाले स्कूल में केवल दो शिक्षक पदस्थ हैं, जिससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। उस समय भी अधिकारियों को हस्तक्षेप करना पड़ा था और एक अतिरिक्त शिक्षक की व्यवस्था किए जाने के बाद ही आंदोलन समाप्त हुआ था।

लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों ने जिले की शिक्षा व्यवस्था और शिक्षक वितरण प्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

हर आंदोलन में उठता है कोकान स्कूल का मुद्दा

क्षेत्र में जब भी शिक्षक की कमी को लेकर विरोध प्रदर्शन होता है, तब कोकान स्कूल का मामला चर्चा में जरूर आ जाता है।

ग्रामीणों का कहना है कि कोकान स्कूल में मात्र 19 विद्यार्थियों के लिए तीन शिक्षक पदस्थ हैं, जबकि कई अन्य स्कूलों में दर्जनों बच्चों के बावजूद पर्याप्त शिक्षक नहीं हैं।

जानकारी के अनुसार कलेक्टर की स्वीकृति के बाद कोकान स्कूल से एक शिक्षक का स्थानांतरण दूसरे विद्यालय के लिए किया गया था, लेकिन शिक्षा विभाग ने अब तक संबंधित शिक्षक को कार्यमुक्त नहीं किया है।

इसी वजह से ग्रामीणों में असंतोष बना हुआ है। उनका कहना है कि जहां जरूरत अधिक है वहां शिक्षक नहीं हैं, जबकि कुछ स्कूलों में आवश्यकता से अधिक शिक्षकों की तैनाती बनी हुई है।

शिक्षा व्यवस्था पर उठ रहे सवाल

मलकुवर और कांडे जैसे मामलों ने यह स्पष्ट कर दिया है कि ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों में शिक्षकों की उपलब्धता आज भी बड़ी चुनौती बनी हुई है। पालकों का कहना है कि यदि समय रहते शिक्षकों की समुचित व्यवस्था नहीं की गई तो बच्चों की शिक्षा पर गंभीर असर पड़ेगा।

फिलहाल प्रशासन ने तत्काल व्यवस्था कर स्थिति को संभाल लिया है, लेकिन ग्रामीणों का कहना है कि उन्हें अस्थायी नहीं बल्कि स्थायी समाधान चाहिए, ताकि भविष्य में बच्चों की पढ़ाई प्रभावित न हो और बार-बार आंदोलन की नौबत न आए।

Related Articles

Back to top button