रायपुर। छत्तीसगढ़ के लिए स्वच्छता के क्षेत्र में एक बार फिर गौरव का अवसर सामने आया है। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर राष्ट्रीय स्तर पर पुरस्कार हासिल करने के बाद उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन तथा विकास मंत्री अरुण साव रायपुर लौट आए हैं। उनके साथ रायपुर, बिलासपुर और बिल्हा नगरीय निकायों के निर्वाचित जनप्रतिनिधियों का भी राजधानी पहुंचने पर जोरदार स्वागत किया गया।

नई दिल्ली में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के हाथों राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त करने के बाद लौटे प्रतिनिधिमंडल के स्वागत के लिए रायपुर एयरपोर्ट पर बड़ी संख्या में लोग पहुंचे थे। इस दौरान तीनों नगरीय निकायों की सैकड़ों स्वच्छता दीदियों, अधिकारियों और कर्मचारियों ने पारंपरिक लोक नृत्य, गाजे-बाजे और उत्साह के साथ उप मुख्यमंत्री अरुण साव सहित निकाय प्रमुखों का अभिनंदन किया।
इस प्रतिनिधिमंडल में रायपुर की महापौर मीनल चौबे, बिलासपुर की महापौर पूजा विधानी और बिल्हा नगर पंचायत की अध्यक्ष वंदना जेंड्रे शामिल रहीं।
लगातार दूसरे साल छत्तीसगढ़ के तीन नगरीय निकायों को राष्ट्रीय सम्मान
रायपुर पहुंचने पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने रायपुर, बिलासपुर और बिल्हा की उपलब्धियों पर खुशी जताते हुए सभी को बधाई दी। उन्होंने कहा कि स्वच्छता के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ ने लगातार दूसरे वर्ष राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान कायम रखी है।
उन्होंने कहा कि लगातार दो वर्षों तक प्रदेश के तीन-तीन नगरीय निकायों का राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित होना स्वच्छता के क्षेत्र में किए जा रहे निरंतर प्रयासों, प्रतिबद्धता और बेहतर कार्यप्रणाली का प्रमाण है।
डिप्टी CM ने इस उपलब्धि का श्रेय सफाई मित्रों, नगरीय निकायों के जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और आम नागरिकों को दिया। उन्होंने कहा कि शहरों को स्वच्छ बनाए रखने में सफाई मित्रों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। वे प्रतिदिन मेहनत करके शहरों की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने में योगदान देते हैं।
9 हजार से अधिक स्वच्छता दीदियों के योगदान को सराहा
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने प्रदेश की 9 हजार से अधिक स्वच्छता दीदियों के योगदान की विशेष रूप से सराहना की। उन्होंने कहा कि घर-घर कचरा संग्रहण, गीले और सूखे कचरे का पृथक्करण तथा नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने में स्वच्छता दीदियां महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर मिला यह सम्मान केवल नगरीय निकायों की उपलब्धि नहीं है, बल्कि स्वच्छता दीदियों के अथक परिश्रम और समर्पण का भी सम्मान है।
डिप्टी CM के मुताबिक, प्रदेश सरकार का लक्ष्य केवल कुछ शहरों को राष्ट्रीय पहचान दिलाना नहीं है, बल्कि छत्तीसगढ़ के प्रत्येक नगरीय निकाय को स्वच्छ, सुंदर, स्वस्थ और सुविधापूर्ण बनाना है। रायपुर, बिलासपुर और बिल्हा की उपलब्धियां दूसरे शहरों के लिए भी प्रेरणा बनेंगी।
रायपुर को मिला राज्य के सबसे स्वच्छ शहर का पुरस्कार
स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में राजधानी रायपुर ने भी अपनी उपलब्धि में सुधार करते हुए राज्य के सबसे स्वच्छ शहर का पुरस्कार हासिल किया है।
इससे पहले स्वच्छ सर्वेक्षण 2024-25 में रायपुर को छत्तीसगढ़ का ‘प्रॉमिसिंग स्वच्छ शहर’ पुरस्कार मिला था। इस बार राजधानी ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए राज्य के सबसे स्वच्छ शहर के रूप में पहचान बनाई है।
यह उपलब्धि शहर की सफाई व्यवस्था, कचरा प्रबंधन और स्वच्छता से जुड़े प्रयासों को आगे बढ़ाने के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
बिलासपुर ने रीवर फ्रंट स्वच्छता में हासिल किया दूसरा स्थान
बिलासपुर ने भी लगातार दूसरे वर्ष राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाए रखी है। पिछले स्वच्छ सर्वेक्षण में तीन लाख से दस लाख की आबादी वाले शहरों की श्रेणी में बिलासपुर ने देश में दूसरा स्थान हासिल किया था।
इस बार बिलासपुर ने देश के सबसे स्वच्छ रीवर फ्रंट वाले शहरों की श्रेणी में दूसरा स्थान प्राप्त किया है। यह उपलब्धि नदी किनारे के क्षेत्रों की स्वच्छता और शहरी सफाई व्यवस्था से जुड़े प्रयासों को दर्शाती है।
बिल्हा ने भी राष्ट्रीय स्तर पर बरकरार रखी पहचान
बिल्हा नगर पंचायत ने भी स्वच्छता के क्षेत्र में अपनी उपलब्धि को बरकरार रखा है। पिछले स्वच्छ सर्वेक्षण में बिल्हा अपनी श्रेणी में देश में पहले स्थान पर रहा था। इस बार भी बिल्हा ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान कायम रखी है।
छोटे नगरीय निकाय के रूप में बिल्हा की उपलब्धि प्रदेश के अन्य नगर पंचायतों के लिए प्रेरणादायक मानी जा रही है।
स्वच्छता के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ के लिए बड़ी उपलब्धि
स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में रायपुर, बिलासपुर और बिल्हा को मिली राष्ट्रीय पहचान के बाद प्रदेश में शहरी स्वच्छता को लेकर किए जा रहे प्रयासों की चर्चा तेज हो गई है। एयरपोर्ट पर हुए स्वागत समारोह में स्वच्छता दीदियों और निकाय कर्मचारियों की भागीदारी ने भी इस उपलब्धि में उनके योगदान को रेखांकित किया।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने स्पष्ट किया कि आने वाले समय में प्रदेश के सभी नगरीय निकायों में स्वच्छता व्यवस्था को और मजबूत बनाने पर जोर दिया जाएगा, ताकि छत्तीसगढ़ के अधिक से अधिक शहर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकें।