छत्तीसगढ़राजनीति

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का विद्यार्थियों से आह्वान: मन लगाकर पढ़ें, शिक्षा ही उज्ज्वल भविष्य की सबसे बड़ी ताकत

रायपुर, 15 जून 2026। प्रदेश में 16 जून से शुरू हो रहे नए शैक्षणिक सत्र के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सभी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उन्हें पूरे उत्साह, अनुशासन और समर्पण के साथ पढ़ाई करने का संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही वह आधार है, जो बच्चों के जीवन को सही दिशा देती है और उनके सपनों को साकार करने का मार्ग प्रशस्त करती है।

मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि विद्यालय केवल पढ़ाई का केंद्र नहीं, बल्कि बच्चों के व्यक्तित्व, संस्कार और भविष्य निर्माण की सबसे महत्वपूर्ण पाठशाला है। यहां प्राप्त होने वाला ज्ञान बच्चों को जीवन में आगे बढ़ने, चुनौतियों का सामना करने और समाज में सकारात्मक योगदान देने के योग्य बनाता है।

उन्होंने विद्यार्थियों से अपील करते हुए कहा कि वे नियमित रूप से विद्यालय जाएं, शिक्षकों का सम्मान करें और पूरी लगन एवं आत्मविश्वास के साथ अध्ययन करें। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज की मेहनत, अनुशासन और शिक्षा ही कल की सफलता की मजबूत नींव है। इसलिए हर विद्यार्थी को अपने समय का सदुपयोग करते हुए अपने लक्ष्य तय करने चाहिए और उन्हें हासिल करने के लिए लगातार प्रयास करना चाहिए।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि शिक्षा केवल परीक्षा में अच्छे अंक प्राप्त करने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह बच्चों के ज्ञान, नैतिक मूल्यों, व्यवहार और व्यक्तित्व विकास का भी माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि वे अपने अंदर सीखने की जिज्ञासा बनाए रखें और समाज तथा राष्ट्र के विकास में अपनी भूमिका निभाने के लिए खुद को तैयार करें।

उन्होंने विश्वास जताया कि छत्तीसगढ़ के विद्यार्थी अपनी प्रतिभा, मेहनत और दृढ़ संकल्प के बल पर आने वाले समय में नई उपलब्धियां हासिल करेंगे और शिक्षा, विज्ञान, खेल, प्रशासन, तकनीक सहित विभिन्न क्षेत्रों में प्रदेश और देश का नाम रोशन करेंगे।

मुख्यमंत्री ने नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत पर सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह सत्र सभी के लिए नई ऊर्जा, नए अवसर और नई सफलताएं लेकर आए। उन्होंने सभी बच्चों के सफल, उज्ज्वल और प्रेरणादायी भविष्य की कामना करते हुए शिक्षा को जीवन की सबसे बड़ी शक्ति और सफलता का सबसे मजबूत आधार बताया।

Related Articles

Back to top button