अंबेडकर प्रतिमा पर गोबर फेंकने से भड़का आक्रोश, मौके पर धरने पर बैठे लोग; 5 दिन में गिरफ्तारी की मांग

तखतपुर। बिलासपुर-तखतपुर मुख्य मार्ग पर लाखासर मोड़ के पास डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर गोबर फेंके जाने का मामला सामने आया है। घटना की जानकारी मिलने के बाद बहुजन समाज के लोगों में नाराजगी फैल गई। समाज के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और प्रतिमा स्थल पर धरना देकर विरोध जताया।
प्रदर्शन कर रहे लोगों का आरोप है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा के चेहरे समेत पूरे प्रतिमा स्थल पर गोबर फेंका। उन्होंने इसे महापुरुष के अपमान से जुड़ा मामला बताते हुए पुलिस से आरोपी की जल्द पहचान कर गिरफ्तारी की मांग की है।

प्रतिमा स्थल पर जारी है धरना
घटना के बाद बड़ी संख्या में बहुजन समाज के लोग मौके पर जुटे। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस प्रशासन से मामले की गंभीरता से जांच करने और जिम्मेदार व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। फिलहाल प्रतिमा स्थल पर धरना जारी है।
लोगों का कहना है कि इस तरह की घटना से सामाजिक भावनाएं आहत हुई हैं और मामले में जल्द कार्रवाई जरूरी है।
5 दिन का अल्टीमेटम, चक्काजाम की चेतावनी
बहुजन समाज पार्टी तखतपुर के महासचिव अखिलेश कोशले ने पुलिस प्रशासन को 5 दिन का समय देते हुए आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की है।
उन्होंने कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के अपमान से जुड़ी घटना को लेकर समाज में आक्रोश है। उनका कहना है कि यदि तय समय सीमा के भीतर आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई, तो बहुजन समाज के पदाधिकारी और कार्यकर्ता बिलासपुर-तखतपुर मुख्य मार्ग पर चक्काजाम करेंगे।
पुलिस जांच में जुटी
घटना के बाद पुलिस प्रशासन मामले की जांच में जुट गया है। प्रदर्शनकारियों की मांग है कि प्रतिमा के आसपास लगे कैमरों और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान की जाए और उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए।
फिलहाल मौके पर विरोध-प्रदर्शन जारी है और लोगों की नजर पुलिस की कार्रवाई पर बनी हुई है।



