खेल

हरमनप्रीत कौर का बड़ा फैसला, सभी फॉर्मेट की कप्तानी से दिया इस्तीफा; बोलीं- निजी कीमत चुकानी पड़ी

Sports Desk: भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने बड़ा फैसला लिया है। लंबे समय तक टीम इंडिया की कमान संभालने वाली हरमनप्रीत ने सभी फॉर्मेट की कप्तानी छोड़ने का ऐलान किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए अपने फैसले की जानकारी दी। हरमनप्रीत के इस फैसले के बाद अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि भारतीय महिला टीम की अगली कप्तान कौन होगी। कप्तानी की दौड़ में स्मृति मंधाना को सबसे मजबूत दावेदार माना जा रहा है।

हरमनप्रीत कौर ने अपने पोस्ट में लिखा कि कप्तानी छोड़ने का फैसला उनके लिए आसान नहीं था। इस जिम्मेदारी के साथ जुड़ी वर्षों की यादें, भावनाएं, त्याग और कई ऐसे पल हैं, जिन्हें वह जिंदगी भर अपने साथ रखेंगी।

उन्होंने लिखा, “आज मैं भारतीय महिला क्रिकेट टीम की सभी फॉर्मेट में कप्तानी छोड़ रही हूं। यह फैसला आसान नहीं है। इसमें बरसों की यादें, भावनाएं, त्याग और ऐसे पल शामिल हैं, जो जिंदगी भर मेरे साथ रहेंगे।”

टीम के लिए कई बार खुद को पीछे रखा

हरमनप्रीत ने अपने कप्तानी के सफर को याद करते हुए कहा कि उन्होंने भारतीय महिला क्रिकेट और टीम के लिए अपना सब कुछ दिया। कई मौकों पर उन्हें अपने व्यक्तिगत प्रदर्शन, महत्वाकांक्षाओं और निजी इच्छाओं को पीछे रखना पड़ा, क्योंकि उनके लिए टीम हमेशा सबसे पहले रही।

उन्होंने कहा कि कप्तानी के दौरान उन्हें आलोचना, मुश्किल दौर और दिल टूटने वाले पल भी देखने पड़े, लेकिन जीत और देश का प्रतिनिधित्व करने का गर्व भी उसी सफर का हिस्सा रहा।

हरमनप्रीत ने लिखा, “मैंने सबसे बुरे पल, दिल टूटने का दर्द, आलोचना और शक देखा है। लेकिन मैंने जीत, जश्न और देश का प्रतिनिधित्व करने का गर्व भी महसूस किया है। ऐसे पल भी आए, जिन्होंने हर त्याग को सार्थक बना दिया।”

बोलीं- कप्तानी खत्म, लेकिन सफर जारी रहेगा

हरमनप्रीत ने साफ किया कि कप्तानी की जिम्मेदारी छोड़ने के बावजूद भारतीय क्रिकेट के लिए उनका सफर खत्म नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि उन्हें भरोसा है कि टीम अब सही स्थिति में है और उसमें प्रतिभा, चरित्र तथा आत्मविश्वास मौजूद है।

उन्होंने लिखा कि अब वह बिना कप्तानी के दबाव के एक बार फिर सिर्फ खेल के प्रति अपने प्यार के लिए क्रिकेट खेलने के लिए तैयार हैं।

“मुझे लगता है कि मैंने अपना फर्ज निभाया है। मैंने इस टीम को अपना सब कुछ दिया। मैंने गर्व के साथ जिम्मेदारी निभाई और भारतीय महिला क्रिकेट की कप्तानी करने के सौभाग्य के लिए हमेशा आभारी रहूंगी। अब मेरे लिए आगे बढ़ने का समय आ गया है। कप्तानी का दौर खत्म हुआ, लेकिन सफर जारी है।”

करीब एक दशक तक संभाली टी-20 की कमान

हरमनप्रीत कौर ने लंबे समय तक भारतीय महिला टी-20 टीम की कप्तानी की। उन्होंने 2016 में यह जिम्मेदारी संभाली थी। इसके बाद 2022 में उन्हें वनडे टीम का कप्तान बनाया गया और 2023 में वह भारतीय महिला टीम की सभी फॉर्मेट में कप्तान बनीं।

अब उनके इस्तीफे के बाद भारतीय क्रिकेट में नई कप्तान को लेकर चर्चा तेज हो गई है। स्मृति मंधाना को इस पद के लिए प्रमुख दावेदार माना जा रहा है। हालांकि, अंतिम फैसला भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) और टीम मैनेजमेंट की ओर से किया जाएगा।

कप्तान के तौर पर हरमनप्रीत की बड़ी उपलब्धियां

  • ODI वर्ल्ड कप: भारत को पहली बार महिला ODI वर्ल्ड कप खिताब दिलाने वाली कप्तान बनीं।
  • एशिया कप: कप्तान के तौर पर कई बार महिला एशिया कप खिताब जीतने वाली प्रमुख भारतीय कप्तानों में शामिल रहीं।
  • एशियन गेम्स: भारतीय टीम के साथ एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतने में अहम भूमिका निभाई।
  • T20 वर्ल्ड कप: 2020 में भारतीय टीम को महिला T20 वर्ल्ड कप के फाइनल तक पहुंचाया।
  • लंबा कप्तानी कार्यकाल: करीब एक दशक तक भारतीय महिला टी-20 टीम की कप्तानी की।

हरमनप्रीत के इस फैसले के साथ भारतीय महिला क्रिकेट के एक लंबे कप्तानी युग का अंत हो गया है। अब नजरें इस बात पर हैं कि टीम इंडिया की अगली कप्तान कौन बनती है और हरमनप्रीत बतौर खिलाड़ी अपने अगले दौर की शुरुआत कैसे करती हैं।

Related Articles

Back to top button