छत्तीसगढ़

कुलपति लवली शर्मा के खिलाफ सोशल मीडिया पोस्ट पर विश्वविद्यालय परिवार नाराज, कहा- आरोपों के साथ पेश करें तथ्य और दस्तावेज

खैरागढ़। इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. डॉ. लवली शर्मा को लेकर सोशल मीडिया पर प्रसारित की जा रही कथित भ्रामक और तथ्यहीन सामग्री पर विश्वविद्यालय परिवार ने आपत्ति जताई है। शिक्षकों का कहना है कि किसी व्यक्ति या संस्था पर गंभीर आरोप लगाने से पहले उसके समर्थन में तथ्य और प्रमाण सामने रखे जाने चाहिए। बिना दस्तावेज के आरोपों का प्रचार विश्वविद्यालय की गरिमा के अनुरूप नहीं है।

विश्वविद्यालय परिवार ने कहा कि कुलपति के कार्यकाल में शैक्षणिक गतिविधियों को आगे बढ़ाने और विश्वविद्यालय की प्रतिष्ठा मजबूत करने के लिए काम किया जा रहा है। शिक्षकों ने समय पर परीक्षा परिणाम जारी होने को प्रशासनिक स्तर पर किए गए सुधारों में शामिल बताया। उनका कहना है कि पिछले वर्षों में कई बार परीक्षा परिणाम अक्टूबर तक लंबित रहने की स्थिति रही है।

दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों की व्यवस्था पर सफाई

दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों की नियुक्ति को लेकर उठाए जा रहे सवालों पर शिक्षकों ने कहा कि यह आवश्यकता के आधार पर की जाने वाली व्यवस्था है। उनके मुताबिक, विश्वविद्यालय में पहले भी इस तरह की व्यवस्था रही है।

डीन की नियुक्ति के संबंध में विश्वविद्यालय परिवार ने कहा कि यह प्रक्रिया लोकभवन स्तर से होती है। इसलिए डीन की नियुक्ति को सीधे कुलपति के स्तर से जोड़ना उचित नहीं है।

नियुक्तियों और पदोन्नति पर दस्तावेज मांगे

सीएसए पदोन्नति और अन्य नियुक्तियों को लेकर शिक्षकों ने कहा कि यदि किसी प्रक्रिया में अनियमितता का आरोप है तो संबंधित दस्तावेज और प्रमाण सक्षम स्तर पर प्रस्तुत किए जाने चाहिए। विश्वविद्यालय परिवार ने कहा कि विधिसम्मत शिकायत या जांच का स्वागत है, लेकिन अनुमान और अपुष्ट जानकारी के आधार पर सोशल मीडिया पर आरोप लगाना उचित नहीं है।

निरीक्षण दल की नियुक्ति पर भी पक्ष रखा

शिक्षकों ने निरीक्षण दल में बाहरी सदस्यों की मौजूदगी को विश्वविद्यालय के संबंधित अध्यादेश में किए गए प्रावधानों के अनुरूप बताया। वहीं, डॉक्टरेट की डिग्री रखने वाले व्यक्ति के मेट्रन पद पर होने के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि इसे अयोग्यता के तौर पर पेश करना उचित नहीं है।

रायगढ़ कार्यक्रम की सम्मान राशि को लेकर दावा

विश्वविद्यालय परिवार ने रायगढ़ में हुई प्रस्तुति के दौरान प्राप्त सम्मान राशि को लेकर भी अपना पक्ष रखा। शिक्षकों के अनुसार, यह राशि संबंधित कलाकार की ओर से स्वेच्छा से दान की गई थी। इसके अलावा वर्तमान दीक्षांत समारोह को पूर्व के दीक्षांत समारोह और खैरागढ़ महोत्सव की तुलना में कम खर्च में आयोजित किए जाने का दावा भी किया गया।

सोशल मीडिया अकाउंट को बताया फर्जी

ग्राफिक्स विभाग के विभागाध्यक्ष के अनुसार, सोशल मीडिया पर प्रसारित संबंधित आईडी विश्वविद्यालय के किसी छात्र की नहीं है। उन्होंने इसे फर्जी बताया है। विश्वविद्यालय परिवार का कहना है कि यदि फर्जी पहचान या दस्तावेजों के जरिए विश्वविद्यालय की छवि प्रभावित करने का प्रयास हुआ है, तो इसकी तथ्यात्मक जांच होनी चाहिए।

विधिसम्मत जांच का स्वागत

विश्वविद्यालय परिवार ने कहा कि किसी भी शिकायत या आरोप की जांच के लिए संस्थागत और कानूनी प्रक्रिया उपलब्ध है। शिक्षकों के मुताबिक, आरोपों को सोशल मीडिया के जरिए प्रचारित करने के बजाय उन्हें सक्षम स्तर पर प्रमाण और दस्तावेजों के साथ रखा जाना चाहिए। विश्वविद्यालय की प्रतिष्ठा और गरिमा बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है।

Related Articles

Back to top button