छत्तीसगढ़रायपुर

रायपुर में आज सरकारी छुट्टी, देवउठनी एकादशी पर पूरे जिले में रहेगा स्थानीय अवकाश, जानें किन दफ्तरों में होगा काम

रायपुर। देवउठनी एकादशी के पर्व पर शुक्रवार, 20 नवंबर को रायपुर जिले में स्थानीय अवकाश घोषित किया गया है। इसके चलते जिले के अधिकांश शासकीय कार्यालयों में कामकाज बंद रहेगा। सामान्य प्रशासन विभाग और जिला प्रशासन की ओर से जारी अलग-अलग आदेशों के बाद अब पूरे रायपुर जिले में स्थानीय अवकाश प्रभावी हो गया है। हालांकि, यह छुट्टी सभी सरकारी संस्थानों पर लागू नहीं होगी। बैंकों, कोषालयों और उप कोषालयों में सामान्य रूप से कामकाज जारी रहेगा।

सामान्य प्रशासन विभाग और कलेक्टर ने जारी किए अलग-अलग आदेश

देवउठनी एकादशी के अवसर पर रायपुर जिले में अवकाश को लेकर सामान्य प्रशासन विभाग और जिला प्रशासन ने अलग-अलग आदेश जारी किए हैं। सामान्य प्रशासन विभाग ने मंत्रालय, नवा रायपुर और रायपुर शहर स्थित शासकीय कार्यालयों के लिए स्थानीय अवकाश घोषित किया है।

वहीं, रायपुर कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने रायपुर शहर और नवा रायपुर क्षेत्र को छोड़कर जिले के शेष क्षेत्रों के शासकीय कार्यालयों के लिए स्थानीय अवकाश का आदेश जारी किया है। दोनों आदेशों के बाद 20 नवंबर को पूरे रायपुर जिले में सरकारी कार्यालयों के लिए स्थानीय अवकाश लागू हो गया है।

बैंकों और कोषालयों में सामान्य रूप से होगा काम

जिला प्रशासन की ओर से घोषित स्थानीय अवकाश के बावजूद कुछ महत्वपूर्ण कार्यालयों में कामकाज प्रभावित नहीं होगा। यह छुट्टी बैंकों, कोषालयों और उप कोषालयों पर लागू नहीं होगी। इन संस्थानों में निर्धारित व्यवस्था के अनुसार सामान्य कामकाज जारी रहेगा।

देवउठनी एकादशी पर क्यों रहता है विशेष महत्व?

देवउठनी एकादशी हिंदू धर्म के प्रमुख त्योहारों में से एक है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस दिन भगवान विष्णु चार महीने की योगनिद्रा से जागते हैं। इसे देवोत्थान एकादशी या प्रबोधिनी एकादशी भी कहा जाता है। इस पर्व के साथ ही चातुर्मास समाप्त होता है और मांगलिक कार्यों की शुरुआत मानी जाती है।

इस दिन श्रद्धालु भगवान विष्णु और माता तुलसी की पूजा-अर्चना करते हैं। कई स्थानों पर तुलसी विवाह का आयोजन भी किया जाता है। छत्तीसगढ़ में भी देवउठनी एकादशी को लेकर धार्मिक उत्साह रहता है।

Related Articles

Back to top button