छत्तीसगढ़रायपुर

‘मोर अंगना के शोर’ का आज होगा विमोचन, 50 से अधिक शिक्षक-साहित्यकारों की 121 बाल कविताओं का अनूठा संग्रह होगा लोकार्पित

रायपुर। छत्तीसगढ़ में बाल साहित्य और प्राथमिक शिक्षा को नई दिशा देने की पहल के तहत आज राजधानी रायपुर में साझा बाल काव्य संग्रह ‘मोर अंगना के शोर’ का भव्य विमोचन एवं सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। यह कार्यक्रम रायपुर के वृंदावन हॉल में होगा, जहां प्रदेशभर के शिक्षक, साहित्यकार, शिक्षा विभाग के अधिकारी और जनप्रतिनिधि एक मंच पर जुटेंगे।

इस विशेष आयोजन का आयोजन हमर चिन्हारी साहित्य समिति, छत्तीसगढ़ एवं साहित्य लेखन रिसोर्स शिक्षक परिवार के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। कार्यक्रम का उद्देश्य बाल साहित्य को बढ़ावा देना, नवाचारी शिक्षकों की रचनात्मक प्रतिभा को सम्मान देना और बच्चों के लिए गुणवत्तापूर्ण साहित्य उपलब्ध कराना है।

‘मोर अंगना के शोर’ काव्य संग्रह छत्तीसगढ़ के 25 जिलों के 50 से अधिक नवाचारी शिक्षक-साहित्यकारों के सामूहिक प्रयास का परिणाम है। इस संग्रह में 121 बाल कविताएं शामिल की गई हैं, जिन्हें विशेष रूप से बालवाड़ी और प्राथमिक विद्यालयों में अध्ययनरत बच्चों को ध्यान में रखकर सरल, रोचक और शिक्षाप्रद शैली में लिखा गया है। कविताओं के माध्यम से बच्चों में भाषा विकास, नैतिक मूल्यों, प्रकृति प्रेम, सामाजिक संवेदनशीलता, रचनात्मक सोच और छत्तीसगढ़ी संस्कृति के प्रति जुड़ाव विकसित करने का प्रयास किया गया है।

आयोजकों का मानना है कि यह काव्य संग्रह न केवल बच्चों के लिए मनोरंजक होगा, बल्कि शिक्षकों को कक्षा शिक्षण को अधिक प्रभावी और रोचक बनाने में भी मदद करेगा। संग्रह में हिंदी और छत्तीसगढ़ी परिवेश की झलक के साथ स्थानीय संस्कृति, लोक जीवन और बाल मनोविज्ञान को भी प्रमुखता दी गई है।

कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ सरकार के कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप, गजेन्द्र यादव, टंकराम वर्मा तथा गुरु खुशवंत साहेब सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहेंगे। इसके अलावा शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, साहित्यकार, शिक्षक, शिक्षाविद, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में साहित्य प्रेमी भी समारोह में शामिल होंगे।

इस अवसर पर काव्य संग्रह के रचनाकार शिक्षक-साहित्यकारों का सम्मान भी किया जाएगा। आयोजकों के अनुसार यह पहल छत्तीसगढ़ में बाल साहित्य के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगी और आने वाले समय में बच्चों के लिए स्थानीय संदर्भों पर आधारित साहित्य सृजन को नई गति मिलेगी।

Related Articles

Back to top button