परिणीति चोपड़ा ने राघव चड्ढा को क्यों चुना अपना जीवनसाथी? बताया शादी का खास नियम, बोलीं- हम दोनों की दुनिया बिल्कुल अलग

Entertainment Desk: बॉलीवुड एक्ट्रेस परिणीति चोपड़ा और राजनेता राघव चड्ढा की जोड़ी अक्सर चर्चा में रहती है। दोनों ने सितंबर 2023 में शादी की थी। खास बात यह है कि शादी से पहले परिणीति एक इंटरव्यू में कह चुकी थीं कि वह किसी राजनेता से शादी नहीं करेंगी। इसके बावजूद राघव चड्ढा उनकी जिंदगी में आए और दोनों ने शादी कर ली।
अब परिणीति ने बताया है कि आखिर राघव में ऐसी क्या खास बातें थीं, जिनकी वजह से उन्होंने अपने पुराने विचार को बदल दिया।
‘हम दोनों बिल्कुल अलग दुनिया से आते हैं’
नेटफ्लिक्स की फिल्म ‘शक ट्रस्ट नो वन’ के प्रमोशन के दौरान नयनदीप रक्षित को दिए इंटरव्यू में परिणीति ने राघव के साथ अपने रिश्ते और शादीशुदा जिंदगी के बारे में खुलकर बात की।

एक्ट्रेस ने बताया कि दोनों की जिंदगी काफी अलग है। राघव दिल्ली में रहते हैं, जबकि वह मुंबई में रहती हैं। परिणीति एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री से जुड़ी हैं और राघव राजनीति की दुनिया में सक्रिय हैं। ऐसे में दोनों के रिश्ते के सामने कई तरह की चुनौतियां थीं।
परिणीति के मुताबिक, सिर्फ दो लोगों का साथ आना ही नहीं था, बल्कि दोनों परिवारों को भी एक-दूसरे के करीब लाना था। इसके लिए रिश्ते में आपसी समझ और बराबरी बेहद जरूरी थी।
शादी का क्या है परिणीति-राघव का नियम?
परिणीति ने बताया कि रिश्ते की शुरुआत से ही दोनों इस बात को लेकर स्पष्ट थे कि उन्हें अपने रिश्ते को किस तरह आगे बढ़ाना है। दोनों एक-दूसरे को बराबर मानते हैं और अपने प्रोफेशनल जीवन को निजी रिश्ते के बीच नहीं आने देते।
उन्होंने बताया कि दोनों एक-दूसरे के दोस्त की तरह हैं और उनके रिश्ते में बराबरी की भावना है। उनके लिए घर और निजी जिंदगी ऐसी जगह है, जहां बाहरी दुनिया और करियर का दबाव हावी नहीं होना चाहिए।
एक्ट्रेस ने यह भी कहा कि दोनों ने एक-दूसरे के करियर को सपोर्ट करने का फैसला किया है। अगर राघव अपने काम के सिलसिले में बाहर हैं तो परिणीति उन्हें सपोर्ट करती हैं और जब वह काम के लिए बाहर रहती हैं तो राघव उनका साथ देते हैं।
ऐसा पार्टनर चाहती थीं परिणीति
परिणीति ने बताया कि वह हमेशा से चाहती थीं कि उनका जीवनसाथी कामयाब हो, ताकि वह उनकी व्यस्त और भागदौड़ भरी जिंदगी को समझ सके। लेकिन सफलता के साथ-साथ वह यह भी चाहती थीं कि उनका पार्टनर विनम्र हो और उनकी तरह मिडिल क्लास परिवार से आया हो।
परिणीति के मुताबिक, राघव में उन्हें ये सभी खूबियां नजर आईं। यही वजह रही कि राजनेता से शादी न करने की उनकी पुरानी सोच भी बदल गई।
2023 में हुई थी दोनों की शादी
परिणीति चोपड़ा और राघव चड्ढा ने सितंबर 2023 में शादी की थी। दोनों की शादी राजस्थान में करीबी दोस्तों और परिवार की मौजूदगी में हुई थी। शादी के बाद से दोनों अक्सर अपनी निजी जिंदगी से जुड़ी झलकियां सोशल मीडिया पर शेयर करते रहे हैं।



