1000 से ज्यादा महिलाओं ने किया रक्तदान, छत्तीसगढ़ के नाम दर्ज हुआ विश्व रिकॉर्ड; CM साय ने कहा- रक्तदान मानवता की सबसे बड़ी सेवा

रायपुर। राजधानी रायपुर के सरदार बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में बुधवार को सेवा संकल्प अभियान के तहत आयुर्वेद सेवा सम्मेलन, रक्तदान महाकुंभ और वृहद स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने रक्तदान, देहदान और अंगदान के लिए आगे आने वाले नागरिकों की सराहना करते हुए कहा कि रक्त की एक यूनिट किसी जरूरतमंद मरीज के लिए जीवन की नई उम्मीद बन सकती है।

मुख्यमंत्री ने सभी को राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस की शुभकामनाएं दीं और सेवा कार्यों में भाग लेने वाले नागरिकों का उत्साहवर्धन किया।
1000 से अधिक महिलाओं ने किया रक्तदान
रक्तदान महाकुंभ में बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लेकर विशेष पहल की। आयोजन के लिए 3600 से अधिक महिलाओं ने रक्तदान के लिए पंजीयन कराया था, जबकि रक्तदान के लिए 200 बेड की व्यवस्था की गई थी।
आयोजकों के अनुसार, एक ही दिन में 1000 से अधिक महिलाओं के रक्तदान की पहल को गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज किया गया। कार्यक्रम में गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को इस उपलब्धि का प्रमाणपत्र और मेडल प्रदान किया।
मुख्यमंत्री ने रक्तदाताओं को बधाई देते हुए कहा कि इस पहल का महत्व केवल रिकॉर्ड बनाने तक सीमित नहीं है। रक्त की प्रत्येक यूनिट किसी जरूरतमंद व्यक्ति के जीवन को बचाने में उपयोगी हो सकती है।
रक्तदान महाकुंभ में महिला और पुरुष दोनों शामिल हुए। आयोजन में लगभग 2500 यूनिट रक्तदान का लक्ष्य रखा गया था।
सेवा संकल्प अभियान के तहत हो रहे कई कार्यक्रम
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक प्रदेश में सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत अलग-अलग क्षेत्रों में जनसेवा और जनकल्याण से जुड़ी गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि अभियान में रक्तदान के साथ-साथ जरूरतमंद बच्चों के लिए पुस्तक, खिलौने और स्टेशनरी एकत्र करने जैसी पहल भी की जा रही है। इससे सेवा संकल्प अभियान को व्यापक जनभागीदारी मिल रही है।
कार्यक्रम स्थल पर पुस्तक, खिलौने और स्टेशनरी संग्रह के लिए अलग-अलग केंद्र बनाए गए थे।
31 लोगों ने लिया देहदान का संकल्प
कार्यक्रम में प्रोजेक्ट दधीचि के तहत देहदान और अंगदान को लेकर भी लोगों ने संकल्प लिया। मुख्यमंत्री ने देहदान का संकल्प लेने वाले नागरिकों की सराहना की।
इस दौरान 31 लोगों ने देहदान का संकल्प लिया, जिनमें पद्मश्री और धरसींवा विधायक अनुज शर्मा भी शामिल रहे। प्रोजेक्ट दधीचि के तहत अब तक कुल 103 लोग देहदान का संकल्प ले चुके हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देहदान चिकित्सा शिक्षा और अनुसंधान के लिए उपयोगी है, जबकि अंगदान किसी जरूरतमंद व्यक्ति के जीवन को बचाने में मदद कर सकता है।
आयुर्वेद भारत की प्राचीन ज्ञान परंपरा की धरोहर
राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि आयुर्वेद भारत की प्राचीन ज्ञान परंपरा की अमूल्य धरोहर है। भगवान धन्वंतरि के साथ चरक और सुश्रुत जैसे आचार्यों ने चिकित्सा और स्वस्थ जीवन की जिस परंपरा को आगे बढ़ाया, उसका महत्व आज भी बना हुआ है।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के आयुष मंत्रालय के माध्यम से आयुर्वेद, योग और प्राकृतिक चिकित्सा को बढ़ावा दिया जा रहा है। आरोग्य मंदिर और वेलनेस सेंटर जैसी व्यवस्थाओं में उपचार के साथ रोगों की रोकथाम, स्वस्थ जीवनशैली और समग्र स्वास्थ्य पर भी ध्यान दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में भी आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार के साथ आयुर्वेद, योग और प्राकृतिक चिकित्सा जैसी भारतीय चिकित्सा पद्धतियों को बढ़ावा दिया जा रहा है।
छत्तीसगढ़ में स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश की स्वास्थ्य अधोसंरचना को मजबूत किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि जगदलपुर और बिलासपुर में सुपर स्पेशलिटी स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार किया जा रहा है। नए मेडिकल कॉलेजों के जरिए चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने का काम किया जा रहा है। आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से पात्र नागरिकों को निजी अस्पतालों में भी उपचार की सुविधा मिल रही है।
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि एलोपैथी के साथ आयुर्वेद, योग और प्राकृतिक चिकित्सा के क्षेत्र में भी सुविधाएं बढ़ाई जा रही हैं। प्रदेश में चार नए योग एवं नेचुरोपैथी अस्पताल विकसित किए जा रहे हैं।
इसके अलावा रायपुर में एनआईटी के सामने 100 बिस्तरीय नए आयुर्वेदिक अस्पताल का निर्माण किया जा रहा है। बिलासपुर में भी आयुर्वेदिक अस्पताल के नए भवन का निर्माण प्रगति पर है।
स्वास्थ्य जांच शिविर और आयुर्वेद स्टॉलों का अवलोकन
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री साय ने सेवा संकल्प अभियान की विभिन्न गतिविधियों और आयुर्वेद से जुड़े स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने आयोजकों और प्रतिभागियों से बातचीत कर कार्यक्रम की गतिविधियों की जानकारी ली।
उन्होंने नागरिकों से स्वास्थ्य जांच शिविरों और आयुष मेले जैसी गतिविधियों में भाग लेने तथा शासन की ओर से उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ उठाने की अपील की।
कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री अरुण साव, वन मंत्री केदार कश्यप, राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक सुनील सोनी, विधायक एवं पद्मश्री अनुज शर्मा, विधायक प्रबोध मिंज सहित विभिन्न निगम-मंडलों के अध्यक्ष, प्रशासनिक अधिकारी, अर्धसैनिक बल एवं सेना के अधिकारी-जवान और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।



