विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में अब कोई बाधा नहीं, विकास की गति होगी और तेज : CM साय

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि विकसित भारत के संकल्प के अनुरूप विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण के लिए राज्य सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है। शहरों में आधुनिक अधोसंरचना विकसित करने के साथ नागरिक सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है, ताकि विकास का लाभ समाज के हर वर्ग तक पहुंच सके।
मुख्यमंत्री बुधवार को बीरगांव नगर निगम क्षेत्र में आयोजित विकास कार्यों के लोकार्पण एवं भूमिपूजन कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने बीरगांव क्षेत्र को 135 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों की सौगात दी। इसके साथ ही क्षेत्र की जरूरतों को देखते हुए लगभग 110 करोड़ रुपये के नए विकास कार्यों की घोषणा भी की।

बीरगांव में सड़क, पानी और सीवरेज सुविधाओं का होगा विस्तार
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि बीरगांव तेजी से विकसित हो रहा शहरी क्षेत्र है। यहां औद्योगिक गतिविधियों और आबादी में वृद्धि के साथ सड़क, पेयजल, स्वच्छता, सीवरेज, खेल और अन्य नागरिक सुविधाओं को मजबूत करने की जरूरत है।
उन्होंने बताया कि आज जिन कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया गया, उनमें नगर निगम से संबंधित 94 करोड़ रुपये से अधिक और लोक निर्माण विभाग के 38 करोड़ रुपये से अधिक के कार्य शामिल हैं। इसके अलावा नगरोत्थान योजना के तहत लगभग 16 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया।
मुख्यमंत्री के मुताबिक, इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद बीरगांव और आसपास के इलाकों में सड़क, पेयजल, स्वच्छता और खेल सुविधाओं सहित बुनियादी अधोसंरचना को मजबूती मिलेगी।
स्टेट कैपिटल रीजन में शामिल होगा बीरगांव
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार रायपुर, दुर्ग-भिलाई और आसपास के क्षेत्रों को मिलाकर स्टेट कैपिटल रीजन विकसित करने की दिशा में काम कर रही है। इसमें बीरगांव भी शामिल है।
उन्होंने कहा कि स्टेट कैपिटल रीजन के माध्यम से पूरे क्षेत्र के सुनियोजित और दीर्घकालीन विकास का रोडमैप तैयार किया जाएगा। इससे बीरगांव में भी आधुनिक शहरी अधोसंरचना और नागरिक सुविधाओं के विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।
साय ने कहा कि विकास का मतलब सिर्फ सड़क और भवन बनाना नहीं, बल्कि लोगों के रोजमर्रा के जीवन को आसान बनाना भी है। इसी उद्देश्य से सरकार सुशासन और ईज ऑफ लिविंग पर जोर दे रही है और तकनीक के माध्यम से सरकारी सेवाओं को सरल और सुविधाजनक बनाने का प्रयास कर रही है।
बीरगांव में बनेगा मॉडल रजिस्ट्री कार्यालय
मुख्यमंत्री ने बीरगांव में मॉडल रजिस्ट्री कार्यालय बनाने की घोषणा की। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 10 मॉडल रजिस्ट्री कार्यालय विकसित किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि ऑनलाइन रजिस्ट्री और स्वतः नामांतरण जैसी व्यवस्थाओं के जरिए भूमि संबंधी सेवाओं को सरल बनाया गया है। मॉडल रजिस्ट्री कार्यालय शुरू होने के बाद बीरगांव और आसपास के नागरिकों को जमीन की रजिस्ट्री से संबंधित सेवाएं अधिक सुविधाजनक तरीके से मिल सकेंगी।
82 करोड़ रुपये के एसटीपी समेत कई बड़ी घोषणाएं
बीरगांव के विकास के लिए मुख्यमंत्री ने कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। इनमें सबसे बड़ी घोषणा सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) के निर्माण के लिए 82 करोड़ रुपये की है।
इसके अलावा मुख्यमंत्री ने—
- ओवरहेड टैंक और पाइपलाइन विस्तार: 10 करोड़ रुपये
- सड़क एवं नाली निर्माण: 5 करोड़ रुपये
- सरोरा में खेल मैदान विकास: 5 करोड़ रुपये
- नालंदा परिसर निर्माण: 5 करोड़ रुपये
- व्यास तालाब तिराहा से बीरगांव नाला तक स्ट्रीट लाइट: 1 करोड़ रुपये
- बुधवारी बाजार से नगर निगम कार्यालय तक स्ट्रीट लाइट: 50 लाख रुपये
- सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रावांभाठा में विद्युतीकरण एवं मरम्मत: 50 लाख रुपये
- सर्व मांगलिक भवन: 1 करोड़ रुपये
- शासकीय महाविद्यालय में ई-लाइब्रेरी: 89 लाख रुपये
की घोषणा की।
इसके साथ ही बीरगांव में छत्तीसगढ़ विद्युत मंडल का जोन कार्यालय शुरू करने की भी घोषणा की गई।
सात क्षेत्रों में सर्वे के बाद पात्र परिवारों को मिलेंगे आवासीय पट्टे
मुख्यमंत्री ने बीरगांव नगर निगम क्षेत्र के रावांभाठा, बंजारी नगर, शक्तिपारा, मठपारा, शीतलापारा, उरकुरा और मजदूर नगर सरोरा में सर्वे कराने की घोषणा की।
सर्वे के बाद पात्र लोगों को नियमानुसार आवासीय पट्टे वितरित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि गरीब और जरूरतमंद परिवारों को आवासीय सुरक्षा उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
गरीब, महिला, किसान और श्रमिकों के कल्याण पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार गरीब, महिला, श्रमिक, किसान, युवा और जरूरतमंद परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए लगातार काम कर रही है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में प्रतिदिन लगभग 1600 प्रधानमंत्री आवास बनाए जा रहे हैं और सरकार ने 18 लाख गरीब परिवारों को पक्का आवास उपलब्ध कराने का निर्णय लिया है।
मुख्यमंत्री के अनुसार महतारी वंदन योजना के माध्यम से प्रदेश की 68 लाख से अधिक माताओं-बहनों को नियमित आर्थिक सहायता दी जा रही है। उन्होंने कहा कि योजना की 31 किस्तें जारी हो चुकी हैं और अब तक 20 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि प्रदान की जा चुकी है।
इसी तरह प्रदेश के 5.60 लाख से अधिक भूमिहीन कृषि मजदूर परिवारों को सालाना 10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दिए जाने की जानकारी भी उन्होंने दी।
मुख्यमंत्री ने तेंदूपत्ता संग्रहण की दर बढ़ाने और चरण पादुका योजना फिर शुरू करने की बात कही। उन्होंने बताया कि श्री रामलला दर्शन योजना के तहत अब तक 50 हजार से अधिक श्रद्धालु अयोध्या जाकर रामलला के दर्शन कर चुके हैं।
नक्सलवाद के प्रभाव वाले क्षेत्रों में विकास के नए अवसर
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि लंबे समय तक नक्सलवाद छत्तीसगढ़ के विकास में बाधा रहा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री के नेतृत्व, सुरक्षा बलों के प्रयासों और स्थानीय नागरिकों के सहयोग से नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक सफलता मिली है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे उन इलाकों में विकास के नए अवसर खुले हैं, जो लंबे समय तक बुनियादी सुविधाओं से वंचित रहे।
उन्होंने छत्तीसगढ़ की प्राकृतिक संपदा, खनिज एवं वन संसाधनों और मानव संसाधन का उल्लेख करते हुए कहा कि इनका बेहतर उपयोग करके राज्य को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाने की दिशा में काम किया जा रहा है।
आयुर्वेद को लेकर भी दिया संदेश
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने आयुर्वेद को भारत की प्राचीन और समृद्ध ज्ञान परंपरा की महत्वपूर्ण धरोहर बताया।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा आयुष मंत्रालय के माध्यम से आयुर्वेद समेत भारतीय चिकित्सा पद्धतियों को प्रोत्साहित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने लोगों से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और आयुर्वेद के प्रति जागरूक रहने की अपील की।
डिप्टी CM अरुण साव ने कहा- बीरगांव के लिए ऐतिहासिक दिन
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि यह बीरगांव के लिए ऐतिहासिक अवसर है। उन्होंने कहा कि बारिश के बीच बीरगांव में विकास कार्यों की भी झमाझम शुरुआत हुई है।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ने क्षेत्र को 135 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों की सौगात दी है। इन कार्यों से बीरगांव को स्वच्छ, सुंदर, सुव्यवस्थित और सुविधायुक्त शहर बनाने में मदद मिलेगी।
अरुण साव ने कहा कि पिछले ढाई वर्षों में बीरगांव नगर निगम क्षेत्र को 160 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्य मिले हैं, जिनमें लगभग 90 करोड़ रुपये के कार्य पूरे हो चुके हैं।
हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ, सफाई मित्रों का सम्मान
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों का गृह प्रवेश कराया। इसके अलावा प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, मुख्यमंत्री गृह निर्माण सम्मान योजना और नोनी सुरक्षा योजना सहित विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को प्रोत्साहन राशि के डेमो चेक प्रदान किए।
कार्यक्रम के दौरान सफाई मित्रों और स्वच्छता दीदियों का विशेष सम्मान भी किया गया। मुख्यमंत्री और जनप्रतिनिधियों ने उनके पांव धोकर, तिलक लगाकर और आरती उतारकर उनके योगदान के प्रति सम्मान व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सफाई मित्र और स्वच्छता दीदियां शहर को स्वच्छ बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं और उनके श्रम का सम्मान करना समाज की जिम्मेदारी है।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने बीरगांव नगर निगम को दो नए अग्निशमन वाहन भी समर्पित किए। इससे क्षेत्र में आगजनी और अन्य आपात स्थितियों से निपटने की क्षमता बढ़ेगी।
कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री ने शासकीय महाविद्यालय परिसर में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत रुद्राक्ष का पौधा लगाया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम में सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक मोतीलाल साहू, विधायक अनुज शर्मा, विधायक भावना बोहरा, महापौर नंदलाल देवांगन सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।



