बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर हुई फायरिंग मामले में लॉरेंस विश्नोई गैंग का नाम सामने आया है. सोशल मीडिया पर एक ऑडिया से सामने आया, जिसे कथित रूप से लॉरेंस बिश्नोई गैंग का बताया जा रहा है. ऑडिया में एक शख्स कहता है कि जो भी सलमान खान के साथ काम करेगा उसे मार देंगे. जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई हाल के वर्षों में सबसे विवादित और चर्चा में रहने वाले लोगों में से एक बन गया है. भारत और विदेशों में हाई-प्रोफाइल हस्तियों को दी जाने वाली धमकियों, जबरन वसूली की कोशिशों और हिंसक घटनाओं के मामलों में उसका नाम बार-बार सामने आता रहा है.

जेल में होने के बावजूद, बिश्नोई का नेटवर्क कई राज्यों और विदेशों में अपने साथियों के जरिए काम कर रहा है. कई अभिनेता, फिल्म निर्माता और सिंगर ऐसे लोगों से धमकियां मिलने की बात कह रहे हैं, जो खुद को उसके गिरोह से जुड़ा बताते हैं.
टाइगर से पहले सलमान से जुड़े किन लोगों को निशाना बनाया गया?
दिल्ली में गुरु रंधावा की जिम के बाहर फायरिंग
जून 2026 में दिल्ली के एक जिम के बाहर हुई फायरिंग के मामले में भी उसका नाम सामने आया था. यह जिम सिंगर गुरु रंधावा से जुड़ा बताया जाता है. 11 जून 2026 को सुबह करीब 4 बजे पश्चिमी दिल्ली के पश्चिम विहार इलाके में स्थित 24HS फिटनेस जिम के बाहर फायरिंग हुई थी. आरोप है कि बाइक पर आए दो हमलावरों ने जिम के बाहर गोलियां चलाईं. इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ था. मौके से पुलिस को सात खाली कारतूस मिले थे. बाद में पुलिस ने फायरिंग करने वाले दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था. फायरिंग के बाद सोशल मीडिया पर अनिल पंडित का पोस्ट आया कि सलमान खान के करीबी होने के चलते गुरु रंधावा के जिम पर फायरिंग हुई.
रोहित शेट्टी: जुहू आवास के बाहर गोलीबारी
1 फरवरी 2026 की तड़के बाइक पर सवार दो हमलावरों ने फिल्म निर्माता रोहित शेट्टी के जुहू स्थित आवास, ‘शेट्टी टॉवर’ के बाहर कई राउंड गोलियां चलाईं. हालांकि, इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ था. वारदात के कुछ ही वक्त बाद, कथित तौर पर गिरोह से जुड़े शुभम लोनकर और आरजू बिश्नोई के सोशल मीडिया अकाउंट्स से एक पोस्ट सामने आई, जिसमें घटना की जिम्मेदारी ली गई थी.
BNS और आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज
जुहू पुलिस ने तीन अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109(1), 3(5) और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने पूछताछ के लिए एक व्यक्ति को हिरासत में भी लिया है।
एकनाथ शिंदे ने दिया सख्त कार्रवाई का भरोसा
उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि मुंबई पुलिस मामले को प्राथमिकता से ले रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी को भी मुंबई की कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की अनुमति नहीं दी जाएगी। फिलहाल पुलिस CCTV फुटेज और जब्त बाइक के जरिए आरोपियों की तलाश में जुटी है। गौरतलब है कि, इस हमले के बाद टाइगर के घर की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
