रायपुर। नवा रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में 16 अक्टूबर से भारत और जिम्बाब्वे की महिला क्रिकेट टीमों के बीच अंतरराष्ट्रीय टी-20 सीरीज खेली जाएगी। सीरीज की तैयारियों के बीच जिम्बाब्वे की टीम आज, 13 अक्टूबर को मैदान पर अभ्यास करेगी। टीम का अभ्यास सत्र दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक निर्धारित है।
रायपुर में होने वाली इस सीरीज के लिए दोनों टीमें अपनी तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटी हैं। जिम्बाब्वे की टीम को स्थानीय मौसम और स्टेडियम की परिस्थितियों के अनुकूल ढलने के लिए सीमित समय मिलेगा। ऐसे में टीम के लिए शुरुआती अभ्यास सत्र काफी अहम माना जा रहा है।

भारतीय टीम ने सोमवार को किया अभ्यास
जिम्बाब्वे के खिलाफ सीरीज से पहले भारतीय महिला टीम ने सोमवार को स्टेडियम में अपना पहला अभ्यास सत्र पूरा किया। भारतीय खिलाड़ियों ने शाम 6 बजे से रात 9 बजे तक करीब तीन घंटे अभ्यास किया। इस दौरान खिलाड़ियों ने आगामी मुकाबलों की तैयारियों पर ध्यान दिया।
दोनों टीमों के लिए 13, 14 और 15 अक्टूबर को निर्धारित समय के अनुसार अभ्यास सत्र आयोजित किए जाएंगे। इन सत्रों के जरिए खिलाड़ियों को मैदान की परिस्थितियों को समझने और मैच से पहले अपनी रणनीति पर काम करने का मौका मिलेगा।
तीन दिन तक मैदान पर दिखेंगी दोनों टीमें
16 अक्टूबर से शुरू होने वाली सीरीज से पहले दोनों टीमों के पास अभ्यास के लिए तीन दिन का समय है। इस दौरान खिलाड़ियों की फिटनेस, बल्लेबाजी, गेंदबाजी और मैदान के अनुरूप तैयारी पर फोकस रहेगा।
सीरीज के दौरान भारतीय टीम की फिजियो की जिम्मेदारी रायपुर की आकांक्षा सत्यवंशी संभालेंगी। स्थानीय स्तर पर यह जिम्मेदारी मिलना भी शहर के खेल जगत के लिए खास बात है।
अब क्रिकेट प्रशंसकों की नजरें 16 अक्टूबर से शुरू होने वाले मुकाबलों पर रहेंगी। रायपुर का अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय महिला क्रिकेट की मेजबानी के लिए तैयार है।
