बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में मंगलवार सुबह एक युवक का खून से लथपथ शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के नयापारा स्थित गणेश नगर की है, जहां गली के बीचों-बीच युवक का शव पड़ा मिला। शव के आसपास बड़ी मात्रा में खून फैला हुआ था। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। सूचना मिलने पर सिरगिट्टी थाना पुलिस, फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी।
सुबह लोगों ने देखा शव
जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह जब गणेश नगर के लोग रोज की तरह अपने घरों से बाहर निकले, तब उन्होंने गली में एक युवक को खून से लथपथ हालत में पड़ा देखा। नजदीक जाकर देखने पर पता चला कि युवक की मौत हो चुकी है। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।

मृतक की हुई पहचान
पुलिस ने मृतक की पहचान गणेश नगर निवासी इरफान बघीरा के रूप में की है। घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। शव को देखकर परिवार में मातम छा गया।
घटनास्थल से मिले खून से सने पत्थर
जांच के दौरान पुलिस को शव के पास से सीमेंट के दो बड़े पोलनुमा पत्थर मिले हैं, जिन पर खून के निशान पाए गए हैं। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि इन्हीं भारी पत्थरों से युवक के सिर और शरीर पर हमला कर उसकी हत्या की गई।
फॉरेंसिक विशेषज्ञों ने घटनास्थल से खून के नमूने और अन्य साक्ष्य एकत्र किए हैं, जिन्हें जांच के लिए भेजा जाएगा।
हत्या की आशंका, कई पहलुओं पर जांच
पुलिस की शुरुआती जांच में मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। अधिकारियों का मानना है कि युवक की पत्थरों से हमला कर हत्या की गई है। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही हो सकेगी।
शराब के नशे में विवाद की आशंका
पुलिस को प्रारंभिक जांच में आशंका है कि घटना के पीछे शराब पीने के दौरान हुआ आपसी विवाद हो सकता है। हालांकि पुलिस ने अभी किसी भी कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और सभी संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
मामले की गुत्थी सुलझाने के लिए सिरगिट्टी पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि घटना के समय कौन-कौन लोग इलाके में मौजूद थे और मृतक के साथ आखिरी बार किसे देखा गया था।
इसके अलावा आसपास के लोगों और संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ भी की जा रही है ताकि घटना से जुड़े सुराग मिल सकें।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक जांच और सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण के बाद हत्या के कारणों और आरोपियों के संबंध में स्पष्ट जानकारी सामने आएगी।
फिलहाल सिरगिट्टी पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और दावा कर रही है कि उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही आरोपियों की पहचान कर मामले का खुलासा किया जाएगा।
