सूरजपुर/31 अक्टूबर 2026
छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर 2 नवंबर को अग्रसेन स्टेडियम ग्राउंड में आयोजित होने वाले जिला स्तरीय राज्योत्सव की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। कार्यक्रम के सुव्यवस्थित एवं गरिमामय आयोजन को लेकर कलेक्टर श्रीमती रेना जमील एवं वनमंडलाधिकारी श्री विपुल अग्रवाल ने आज कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने मंच निर्माण एवं साज-सज्जा, बैठक व्यवस्था, पार्किंग, विद्युत व्यवस्था, साफ-सफाई सहित अन्य आवश्यक तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने राज्योत्सव में शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं, जिले की उपलब्धियों एवं नवाचारों पर आधारित विभागीय स्टॉलों की तैयारियों की भी जानकारी लेकर व्यवस्थित प्रदर्शन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्रीमती जमील ने कहा कि राज्योत्सव के सफल आयोजन के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने अधिकारियों को सौंपे गए दायित्वों का गंभीरतापूर्वक निर्वहन करते हुए समय से तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्री विजेंद्र सिंह पाटले, अपर कलेक्टर श्रीमती नयनतारा सिंह तोमर, डिप्टी कलेक्टर श्री यशवंत देवांगन सहित संबंधित विभागीय अधिकारीगण मौजूद रहे।
