WPL 2027 Auction Live Streaming: विमेंस प्रीमियर लीग (WPL) के पांचवें सीजन से पहले आज यानी 28 अक्टूबर को खिलाड़ियों का मिनी ऑक्शन आयोजित किया जाएगा। केरल के कोच्चि स्थित ग्रैंड हयात में होने वाली इस नीलामी में पांचों फ्रेंचाइजी अपनी टीमों की बची हुई जगह भरने के लिए बोली लगाएंगी। कुल 146 खिलाड़ियों की किस्मत दांव पर होगी, जबकि टीमों के पास केवल 27 स्लॉट खाली हैं। ऐसे में खिलाड़ियों के बीच कॉन्ट्रैक्ट हासिल करने के लिए कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिल सकती है।

नीलामी में भारतीय खिलाड़ियों के साथ कई विदेशी सितारे भी शामिल होंगे। यूपी वॉरियर्स सबसे बड़े पर्स के साथ उतरेगी, जबकि मुंबई इंडियंस के पास सबसे कम रकम बची है। ऑक्शन भारतीय समयानुसार शाम 5:30 बजे शुरू होगा। दर्शक इसे स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर टीवी और जियोहॉटस्टार पर ऑनलाइन देख सकेंगे।
146 खिलाड़ियों में 119 भारतीय, 27 विदेशी
WPL 2027 के मिनी ऑक्शन के लिए कुल 146 खिलाड़ियों को शॉर्टलिस्ट किया गया है। इनमें 119 भारतीय और 27 विदेशी खिलाड़ी शामिल हैं। भारतीय खिलाड़ियों में 22 कैप्ड और 97 अनकैप्ड खिलाड़ी हैं। विदेशी खिलाड़ियों में एसोसिएट देशों की छह खिलाड़ी भी शामिल हैं।
हालांकि, नीलामी में शामिल सभी खिलाड़ियों को टीम मिलने की संभावना नहीं है। पांचों फ्रेंचाइजी के पास कुल 27 स्लॉट ही खाली हैं। इनमें 20 जगह भारतीय खिलाड़ियों और सात जगह विदेशी खिलाड़ियों के लिए हैं। ऐसे में फ्रेंचाइजी को अपनी जरूरत, उपलब्ध बजट और टीम संयोजन के हिसाब से खिलाड़ियों का चयन करना होगा।
सोफी मॉलिन्यू और सोफिया डंकली का बेस प्राइस सबसे ज्यादा
इस मिनी ऑक्शन में ऑस्ट्रेलिया की सोफी मॉलिन्यू और इंग्लैंड की सोफिया डंकली सबसे ज्यादा बेस प्राइस वाले खिलाड़ियों में शामिल हैं। दोनों ने 50 लाख रुपये के बेस प्राइस पर अपना नाम दर्ज कराया है।
वहीं, जेस जोनासन, हीथर ग्राहम, जी कमलिनी और किरण नवगिरे 40 लाख रुपये के बेस प्राइस वाले वर्ग में हैं। इसके अलावा 30 खिलाड़ियों ने 30 लाख रुपये के बेस प्राइस पर रजिस्ट्रेशन कराया है, जबकि 106 खिलाड़ियों का बेस प्राइस 10 लाख रुपये है। सीमित स्लॉट को देखते हुए यह देखना दिलचस्प होगा कि फ्रेंचाइजी किन खिलाड़ियों पर बड़ी बोली लगाती हैं और किन युवा खिलाड़ियों को पहली बार लीग में खेलने का मौका मिलता है.
यूपी वॉरियर्स के पास सबसे बड़ा पर्स
नीलामी से पहले पांचों टीमों के पास बची रकम अलग-अलग है। यूपी वॉरियर्स सबसे ज्यादा बजट के साथ उतरेगी और उसे आठ स्लॉट भरने हैं। दूसरी ओर, मुंबई इंडियंस के पास सबसे कम 90 लाख रुपये बचे हैं।
टीमों के पास बची रकम और खाली स्लॉट
- यूपी वॉरियर्स: 3.75 करोड़ रुपये, 8 स्लॉट
- गुजरात जायंट्स: 1.25 करोड़ रुपये, 3 स्लॉट
- रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु: 1.15 करोड़ रुपये, 5 स्लॉट
- दिल्ली कैपिटल्स: 1.10 करोड़ रुपये, 5 स्लॉट
- मुंबई इंडियंस: 90 लाख रुपये, 6 स्लॉट
मुंबई इंडियंस के पास विदेशी खिलाड़ी के लिए कोई स्लॉट खाली नहीं है। इसलिए टीम का ध्यान भारतीय खिलाड़ियों पर रहेगा। वहीं, यूपी वॉरियर्स के पास ज्यादा बजट और अधिक खाली जगह होने के कारण अपनी टीम में कई बदलाव करने की गुंजाइश है।
नीलामी से पहले 63 खिलाड़ियों को किया गया रिटेन
WPL 2027 के लिए खिलाड़ियों को रिटेन करने की प्रक्रिया 28 सितंबर को पूरी हुई थी। पांचों फ्रेंचाइजी ने कुल 63 खिलाड़ियों को अपनी टीम में बरकरार रखा, जिनमें 23 विदेशी खिलाड़ी शामिल हैं।
गुजरात जायंट्स ने 15 खिलाड़ियों को रिटेन किया। दिल्ली कैपिटल्स और मुंबई इंडियंस ने 13-13 खिलाड़ियों को टीम में बनाए रखा, जबकि रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और यूपी वॉरियर्स ने 11-11 खिलाड़ियों को रिटेन किया।
अब मिनी ऑक्शन के जरिए टीमें अपनी जरूरत के मुताबिक बाकी जगह भरेंगी। फ्रेंचाइजी के सामने चुनौती यह होगी कि वे सीमित बजट में अनुभवी खिलाड़ियों और उभरती प्रतिभाओं के बीच सही संतुलन बनाएं।
WPL 2027 Auction: कब, कहां और कैसे देखें लाइव?
WPL 2027 का मिनी ऑक्शन बुधवार, 28 अक्टूबर को कोच्चि के ग्रैंड हयात में आयोजित होगा। भारतीय दर्शक नीलामी का सीधा प्रसारण और लाइव स्ट्रीमिंग इन माध्यमों पर देख सकते हैं।
- ऑक्शन की तारीख: 28 अक्टूबर 2026
- शुरुआत का समय: शाम 5:30 बजे (भारतीय समय)
- स्थान: ग्रैंड हयात, कोच्चि, केरल
- टीवी पर लाइव: स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क
- ऑनलाइन लाइव स्ट्रीमिंग: जियोहॉटस्टार ऐप और वेबसाइट
कब शुरू होगा WPL 2027 का सीजन?
WPL के पांचवें सीजन का आयोजन 14 जनवरी से 7 फरवरी 2027 तक प्रस्तावित है। आज की नीलामी के बाद टीमों के पास अपने स्क्वॉड को अंतिम रूप देने और आगामी सीजन की तैयारी करने का मौका होगा।
इस मिनी ऑक्शन में सभी की नजरें इस बात पर रहेंगी कि कौन-सी फ्रेंचाइजी अपने बजट का सबसे बेहतर इस्तेमाल करती है, किन खिलाड़ियों पर बोली तेज होती है और किन युवा भारतीय खिलाड़ियों को लीग में अपना हुनर दिखाने का मौका मिलता है.
