मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने शुक्रवार को कहा कि चाहे सागर में जहरीली शराब का मामला हो या छिंदवाड़ा में कफ सीरप से बच्चों की मौत का मुद्दा, राज्य सरकार ने ऐसे सभी मामलों में तत्परता से कदम उठाए हैं और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की है. मुख्यमंत्री यादव यहां प्रदेश भाजपा मुख्यालय में एक संवाददाता सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में मध्य प्रदेश में उनके जन्मदिन 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक एक महीने तक आयोजित होने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ की जानकारी दे रहे थे.
इस दौरान छिंदवाड़ा कफ सीरप कांड और हाल ही में सागर में जहरीली शराब से हुई मौतों सहित पिछले कुछ महीनों में राज्य में हुई घटनाओं के बारे में पूछे गए एक सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री यादव ने कहा, ‘‘जहां कहीं भी कोई घटना हुई है, सरकार ने तत्परता से कठोर कार्रवाई भी की है. ऐसी चुनौतियों से हम पहले भी निपट चुके हैं और आगे भी निपटेंगे.”
उन्होंने कहा कि सागर की घटना और कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार ने प्रशासन को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
पिछले इलाकों में अस्पताल बनाए जा रहे
मुख्यमंत्री ने छिंदवाड़ा कफ सिरप मामले में कहा कि रीवा-सतना से लेकर बैतूल और छिंदवाड़ा तक का क्षेत्र पिछड़ा रहा है और वहां बड़े पैमाने पर अस्पतालों की आवश्यकता थी. छिंदवाड़ा कफ सीरप मामले में 25 से अधिक बच्चों की मौत हो गई थी. उन्होंने कहा कि लोगों इलाज के लिए को जबलपुर और नागपुर ना जाना पड़े, इसके लिए सरकार ने वहां एलोपैथिक व आयुर्वेदिक सहित सभी प्रकार के अस्पताल बनाने पर जोर दिया है.
जबलपुर को मेट्रोपॉलिटिन सिटी बनाने की तैयारी
उन्होंने कहा, ‘‘इससे लोगों को जहां उचित इलाज मिलेगा. वहीं, स्थानीय स्तर पर रोजगार भी मिलेगा. अपने वाले समय में हम वहां और विकास के काम करेंगे. जबलपुर को मेट्रोपोलिटन सिटी बनाने की तैयारी जारी है और इससे आसपास के पूरे क्षेत्र को जोड़कर विकास के काम किए जा रहे हैं.”
