छत्तीसगढ़रायगढ़

SET परीक्षा में कलावा काटने पर विवाद, रायगढ़ के परीक्षा केंद्र पर हंगामा; पुलिस ने संभाला मोर्चा

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में रविवार को आयोजित SET परीक्षा के दौरान एक परीक्षार्थी का कलावा काटे जाने की बात सामने आने के बाद विवाद खड़ा हो गया। घटना की जानकारी मिलने पर कुछ लोग परीक्षा केंद्र के बाहर जुट गए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। स्थिति बिगड़ने की सूचना पर कोतवाली पुलिस की टीम मौके पर पहुंची।

मामला चांदमारी स्थित एक स्कूल के परीक्षा केंद्र का बताया जा रहा है। रविवार को रायगढ़ जिले में अलग-अलग केंद्रों पर SET परीक्षा आयोजित की जा रही थी। इसी दौरान एक परीक्षार्थी का कलावा काटे जाने की जानकारी सामने आई।

जानकारी मिलते ही केंद्र के बाहर जुटे लोग

कलावा काटे जाने की खबर फैलने के बाद कुछ लोग परीक्षा केंद्र के पास पहुंच गए। इसके बाद स्कूल परिसर में विरोध जताया गया और हंगामा शुरू हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने परीक्षा प्रक्रिया को लेकर नाराजगी जाहिर की।

घटना के बाद बजरंग दल के कार्यकर्ता भी स्कूल के बाहर पहुंचे और देर शाम तक नारेबाजी करते रहे।

सुरक्षा के लिए पुलिस बल तैनात

मामले की जानकारी मिलने के बाद कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। किसी तरह की अप्रिय स्थिति न बने, इसके लिए परीक्षा केंद्र के आसपास पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस ने मौके पर मौजूद लोगों को समझाइश देकर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया।

फिलहाल कलावा काटे जाने की घटना को लेकर संबंधित पक्षों से जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Related Articles

Back to top button