बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में नौकरी लगाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी का बड़ा मामला सामने आया है। पुलिस ने एक ऐसी महिला को गिरफ्तार किया है, जिसने खुद को छत्तीसगढ़ शासन के मुख्य सचिव का करीबी बताते हुए बेरोजगार युवाओं को सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा दिया। आरोपी महिला ने कृषि विभाग और जिला अस्पताल में नौकरी लगवाने का वादा कर अब तक 7 लोगों से कुल 25 लाख 50 हजार रुपये की ठगी की। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

मुख्य सचिव से पहचान का झांसा देकर बनाया भरोसा
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान लता धीवर (36 वर्ष), पति आकाश धीवर, निवासी वार्ड क्रमांक-05, बालोद के रूप में हुई है। आरोपी लोगों को विश्वास दिलाती थी कि उसकी छत्तीसगढ़ शासन के मुख्य सचिव से सीधी पहचान है और वह आसानी से सरकारी विभागों में नौकरी लगवा सकती है।
इसी बहाने उसने कई बेरोजगार युवाओं से कृषि विभाग और जिला अस्पताल में नियुक्ति दिलाने के नाम पर मोटी रकम वसूली। हाल ही में तीन पीड़ितों से ही उसने 5 लाख 50 हजार रुपये लिए थे। लंबे समय तक नियुक्ति नहीं मिलने और लगातार बहानेबाजी करने पर पीड़ितों को ठगी का एहसास हुआ, जिसके बाद उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
जांच में खुला बड़ा ठगी का नेटवर्क
मामले की जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि यह कोई एक-दो लोगों से की गई धोखाधड़ी नहीं थी। आरोपी महिला अब तक 7 लोगों को अपना शिकार बना चुकी थी और उनसे कुल 25 लाख 50 हजार रुपये ऐंठ चुकी थी।
जांच में यह भी सामने आया कि ठगी से प्राप्त रकम आरोपी ने अपने पास रखने के बजाय एक अन्य व्यक्ति द्वारा उपलब्ध कराए गए बैंक खाते में ट्रांसफर की थी। पुलिस अब उस बैंक खाते के धारक और आरोपी के सहयोगी की तलाश में जुटी है। अधिकारियों का मानना है कि इस मामले में और भी लोगों की संलिप्तता सामने आ सकती है।
पुलिस ने किया गिरफ्तार, भेजा जेल
पीड़ितों की लिखित शिकायत के आधार पर बालोद पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से अदालत ने उसे ज्यूडिशियल रिमांड पर जेल भेज दिया।
पुलिस की अपील
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर किसी भी व्यक्ति के झांसे में आकर पैसे न दें। सरकारी भर्तियां केवल निर्धारित प्रक्रिया के तहत होती हैं। यदि कोई व्यक्ति प्रभाव या ऊंची पहुंच का दावा कर नौकरी दिलाने के बदले पैसे मांगता है, तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें।
