बिलासपुर। सरकंडा थाना क्षेत्र के राजकिशोर नगर स्थित पंचाली विहार में चोरों ने एक रेलवे लोको पायलट के सूने मकान को निशाना बनाकर करीब 10 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। वारदात के दौरान चोरों ने पहले घर के चैनल गेट का ताला तोड़ा और इसके बाद मुख्य दरवाजा उखाड़कर अंदर दाखिल हुए। घर के बेडरूम में रखी आलमारी का लॉकर तोड़कर उसमें रखे कीमती आभूषण लेकर आरोपी फरार हो गए।

घटना की जानकारी पड़ोसी के फोन से मिलने के बाद मकान मालिक अपने परिवार के साथ बिलासपुर पहुंचे। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले की जांच शुरू कर दी है। सरकंडा पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है।
बच्चे की शतरंज प्रतियोगिता में गए थे परिवार के साथ
जानकारी के मुताबिक, राजकिशोर नगर के पंचाली विहार निवासी सतानंद जंघेल रेलवे में लोको पायलट हैं। वे अपने परिवार के साथ 14 अगस्त की सुबह करीब 5 बजे बिलासपुर स्थित घर से भिलाई के लिए रवाना हुए थे। परिवार को बच्चे की शतरंज प्रतियोगिता में शामिल होना था।
घर बंद होने की जानकारी चोरों को कैसे मिली, इसे लेकर पुलिस जांच कर रही है। परिवार के बाहर जाने के बाद मकान सूना था। इसी का फायदा उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया।
पड़ोसी ने फोन कर दी चोरी की सूचना
घटना का खुलासा तब हुआ जब अगले दिन सतानंद जंघेल के पड़ोसी राजेश सोनी की नजर उनके मकान पर पड़ी। उन्होंने देखा कि घर के चैनल गेट का ताला टूटा हुआ है और मुख्य दरवाजा भी क्षतिग्रस्त है।
राजेश सोनी ने तत्काल फोन कर मकान मालिक को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलते ही सतानंद अपने परिवार के साथ बिलासपुर पहुंचे। इस दौरान पुलिस भी मौके पर पहुंच गई थी।
घर के दरवाजे और आलमारी का लॉकर तोड़ा
मकान के अंदर पहुंचने पर चोरी की पूरी वारदात सामने आई। चोरों ने पहले चैनल गेट का ताला तोड़ा और फिर मुख्य प्रवेश द्वार को उखाड़कर घर के भीतर प्रवेश किया।
इसके बाद आरोपी सीधे बेडरूम में पहुंचे। वहां रखी आलमारी का दरवाजा तोड़ने के बाद लॉकर को भी क्षतिग्रस्त किया गया। लॉकर में रखे सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए गए। घर के अंदर कपड़े और अन्य सामान भी बिखरा हुआ मिला।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर चोरी से जुड़े साक्ष्य जुटाए हैं।
तीन सोने के सेट समेत कई जेवर चोरी
पीड़ित सतानंद जंघेल के मुताबिक, आलमारी के लॉकर में रखे कई कीमती आभूषण गायब मिले। इनमें तीन सोने के सेट, डायमंड अंगूठी, दो मंगलसूत्र, सोने की चूड़ियां, दो सोने की चेन, डायमंड रिंग, चोकर, हार, सीताहार, बाली और टॉप्स शामिल हैं।
इसके अलावा चोर चांदी की चार पायल और 10 बिछिया भी ले गए। चोरी गए आभूषणों की कुल अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई गई है।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना मिलने के बाद सरकंडा पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वारदात में कितने लोग शामिल थे और आरोपी किस रास्ते से मौके पर पहुंचे तथा चोरी के बाद किस दिशा में फरार हुए। आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।
धारा 305(ए) और 331(4) BNS के तहत केस दर्ज
सरकंडा पुलिस ने मामले में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धारा 305(ए) और 331(4) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस चोरी की घटना से जुड़े अन्य साक्ष्यों की भी जांच कर रही है।
फिलहाल आरोपियों की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस का कहना है कि CCTV फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर चोरों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था और सूने मकानों की निगरानी को लेकर भी लोगों में चिंता बढ़ गई है।
