रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय इन दिनों सिंगापुर दौरे पर हैं। उनके विदेश प्रवास का आज तीसरा दिन है। दौरे के दौरान मुख्यमंत्री सिंगापुर के उद्योगपतियों, निवेशकों और बिजनेस लीडर्स के साथ बैठक कर छत्तीसगढ़ में निवेश की संभावनाओं पर चर्चा करेंगे। मुख्यमंत्री का यह दौरा मुख्य रूप से निवेश, औद्योगिक साझेदारी, तकनीक और रोजगार के अवसरों से जुड़ा है।

CEO राउंडटेबल में निवेशकों से सीधा संवाद
मुख्यमंत्री साय सिंगापुर बिजनेस फेडरेशन के Singapore-India Network for Growth (SING) Forum 2026 में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। फोरम के दौरान होने वाले CEO राउंडटेबल में सिंगापुर की प्रमुख कंपनियों, निवेश संस्थानों और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों के साथ बातचीत प्रस्तावित है।
इस दौरान छत्तीसगढ़ की नई औद्योगिक नीति, राज्य में उपलब्ध प्राकृतिक संसाधन, बेहतर बुनियादी ढांचा, कुशल मानव संसाधन और निवेश की संभावनाओं को निवेशकों के सामने रखा जाएगा।
इन सेक्टर में निवेश पर जोर
दौरे में छत्तीसगढ़ में आईटी, इलेक्ट्रॉनिक्स, सेमीकंडक्टर, ऑटोमोबाइल, IT-ITES, फार्मा, लॉजिस्टिक्स और स्किल डेवलपमेंट जैसे क्षेत्रों में निवेश की संभावनाओं पर जोर रहने की जानकारी सामने आई है। सरकार का फोकस ऐसे क्षेत्रों पर है, जिनसे औद्योगिक गतिविधियों के साथ रोजगार के अवसर भी बढ़ाए जा सकें।
सिंगापुर के अनुभव से छत्तीसगढ़ को जोड़ने की कोशिश
मुख्यमंत्री के दौरे में केवल निवेश ही नहीं, बल्कि कौशल विकास, ग्रीन ग्रोथ और ईको-टूरिज्म जैसे क्षेत्रों में सहयोग की संभावनाएं भी तलाशी जा रही हैं। प्रतिनिधिमंडल ने Gardens by the Bay से जुड़े अधिकारियों के साथ उद्यानिकी, शहरी हरियाली, वनस्पति संरक्षण और ईको-टूरिज्म के मुद्दों पर चर्चा की है।
5 अक्टूबर को SING Forum, 6 अक्टूबर को CEO राउंडटेबल
मुख्यमंत्री साय के सिंगापुर प्रवास के कार्यक्रम के अनुसार 5 अक्टूबर को SING Forum 2026 में उनकी सहभागिता होगी। इसके बाद 6 अक्टूबर को प्रमुख कंपनियों और निवेश संस्थानों के शीर्ष नेतृत्व के साथ CEO राउंडटेबल में छत्तीसगढ़ की निवेश संभावनाओं और आर्थिक साझेदारी पर चर्चा होगी।
राज्य सरकार की कोशिश है कि इस दौरे के जरिए छत्तीसगढ़ को अंतरराष्ट्रीय निवेशकों के सामने एक संभावित औद्योगिक और कारोबारी केंद्र के रूप में प्रस्तुत किया जाए तथा नई औद्योगिक परियोजनाओं और रोजगार से जुड़े अवसरों के लिए साझेदारी विकसित की जा सके।
